डोनाल्ड ट्रंप ने छह जनवरी को ‘मेरे परिवार को खतरे’ में डाल दिया था : माइक पेंस

पूर्व उपराष्ट्रपति माइक पेंस ने अमेरिका के संसद भवन परिसर में छह जनवरी को हुए दंगे में पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भूमिका की शनिवार को कड़ी आलोचना की और कहा कि ट्रंप ने उनके परिवार तथा संसद भवन में मौजूद हर व्यक्ति की जान खतरे में डाल दी थी।

Sunday, March 12, 2023 - 17:00
0
डोनाल्ड ट्रंप ने छह जनवरी को ‘मेरे परिवार को खतरे’ में डाल दिया था : माइक पेंस
माइक पेंस

वाशिंगटन, 12 मार्च 2023, (आरएनआई)। पूर्व उपराष्ट्रपति माइक पेंस ने अमेरिका के संसद भवन परिसर में छह जनवरी को हुए दंगे में पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भूमिका की शनिवार को कड़ी आलोचना की और कहा कि ट्रंप ने उनके परिवार तथा संसद भवन में मौजूद हर व्यक्ति की जान खतरे में डाल दी थी। पेंस के इस बयान से अगले साल के राष्ट्रपति चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की ओर से उम्मीदवार के नामांकन की दौड़ में शामिल दोनों नेताओं के बीच विवाद और गहरा गया है। वार्षिक ‘ग्रिडिरोन’ रात्रि भोज के दौरान पेंस ने कहा, ‘‘(पूर्व) राष्ट्रपति ट्रंप गलत थे।’’ इस रात्रि भोज में नेता और पत्रकार शामिल होते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे चुनाव पलटने का कोई अधिकार नहीं था और उनके (ट्रंप के) बेतुके बयानों ने उस दिन (छह जनवरी को) मेरे परिवार और कैपिटोल (संसद भवन परिसर) को खतरे में डाल दिया था। मैं जानता हूं कि इतिहास डोनाल्ड ट्रंप को इसके लिए जिम्मेदार ठहराएगा।’’ कभी ट्रंप के वफादार रहे पेंस की यह टिप्पणी उनकी अब तक की सबसे तीखी आलोचना थी, जो अक्सर अपने पूर्व बॉस का सामना करने से कतराते रहे हैं। ट्रंप पहले ही अपनी उम्मीदवारी का एलान कर चुके हैं। लेकिन पेंस ने ऐसा नहीं किया है, हालांकि वह राष्ट्रपति चुनाव की दौड़ में शामिल होने के लिए अपने पांव जमा रहे हैं। 2021 के राष्ट्रपति चुनाव में पेंस परिणामों के औपचारिक प्रमाणीकरण की अध्यक्षता कर रहे थे और ट्रंप ने छह जनवरी के दिन तक राष्ट्रपति जो बाइडन की चुनावी जीत को पलटने के लिए पेंस पर दबाव डाला था। लेकिन पेंस ने ऐसा करने से इनकार कर दिया था और जब दंगाइयों ने कैपिटोल पर धावा बोला था तब कुछ ने कहा था कि वे ‘‘माइक पेंस को फांसी पर लटकाना चाहते हैं।’’

हमले की जांच करने वाली प्रतिनिधि सभा की समिति ने अपनी अंतिम रिपोर्ट में कहा कि ‘‘अमेरिका के राष्ट्रपति ने भीड़ को उकसाया था जिसने अपने ही उपराष्ट्रपति को निशाना बनाया था।’’ पेंस ने अपने ग्रिडिरोन रात्रि भोज में कहा, ‘‘इस बारे में कोई गलती न करें, उस दिन जो हुआ वह अपमानजनक था और अगर इसे किसी और तरीके से चित्रित किया गया तो यह सभ्यता और शालीनता का मजाक होगा।’’ इस बीच, ट्रंप ने दंगाइयों का समर्थन करते हुए कहा कि अगर उन्हें फिर से चुना गया तो वे उन्हें माफ करने पर विचार करेंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User