गुना में जिला स्तरीय निवेश, निर्यात एवं रोजगार संवर्धन कार्यक्रम का सफल आयोजन

कृषि के साथ औद्योगिक विकास की अपार संभावनाएँ, निवेशकों को दिया भरोसा

Thursday, February 5, 2026 - 19:54
Updated: 6 months ago
0
गुना में जिला स्तरीय निवेश, निर्यात एवं रोजगार संवर्धन कार्यक्रम का सफल आयोजन

गुना आरएनआई) जिले में निवेश, रोजगार सृजन एवं निर्यात को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज एक जिला स्तरीय रणनीतिक नेतृत्व एवं उद्योग संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल सहभागिता करते हुए जिले में निवेश एवं औद्योगिक विकास की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले में औद्योगिक विकास को गति देना, निर्यात क्षमताओं को सुदृढ़ करना तथा स्थानीय उद्यमियों के लिए नए अवसर सृजित करना रहा।

कार्यक्रम में जिला प्रशासन, निवेशक प्रतिनिधि, चैंबर ऑफ कॉमर्स, एमपीआईडीसी (MPIDC), जिला उद्योग केंद्र (DIC), उद्यानिकी विभाग, उत्पादक समूह, स्पाइस बोर्ड, एचडीएफसी बैंक, ईएक्सआईएम बैंक, एफआईईओ, इंडिया पोस्ट, जेम पोर्टल तथा अन्य प्रमुख औद्योगिक एवं निर्यात संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

कलेक्टर श्री कन्याल ने बताया कि पिपरौदा, चैनपुरा एवं बीनगंज, स्पाइस पार्क सहित विभिन्न स्थानों पर औद्योगिक क्षेत्रों का विकास किया जा रहा है। गुना भौगोलिक दृष्टि से औद्योगिक गतिविधियों के लिए उपयुक्त है, क्योंकि यहाँ से भोपाल, ग्वालियर और इंदौर जैसे प्रमुख शहरों की निकटता उपलब्ध है। भविष्य में गुना से निर्यात गतिविधियों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ है तथा भूमि आवंटन की प्रक्रिया सरल बनाई गई है। बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार भी निरंतर किया जा रहा है, जिससे निवेशकों को बेहतर वित्तीय सहयोग मिल सके।

बैठक के दौरान कलेक्टर ने जिज्जी की मॉडल एवं गुलाब उत्पादन मॉडल की जानकारी साझा करते हुए स्थानीय संसाधनों पर आधारित विकास की संभावनाओं को रेखांकित किया। साथ ही उन्होंने बताया कि भविष्य में जिले में डिफेंस सेक्टर से संबंधित औद्योगिक विकास की भी संभावनाएँ हैं, जिन पर कार्य किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर श्री कन्‍याल द्वारा जिले के औद्योगिक विकास की प्राथमिकताओं, निवेश संवर्धन की रणनीति एवं "विजन गुना" के तहत भावी कार्य योजना प्रस्तुत की गई। एमपीआईडीसी के कार्यकारी संचालक (ED MPIDC) द्वारा जिले में प्रस्तावित आगामी औद्योगिक क्षेत्र परियोजनाओं की जानकारी साझा की गई तथा निवेश को प्रोत्साहित करने हेतु राज्य सरकार की औद्योगिक नीतियों एवं सहयोगात्मक उपायों पर प्रकाश डाला गया।

निवेश एवं बाजार विस्तार सत्र के दौरान घरेलू निवेशकों द्वारा जिले में संभावित निवेश अवसरों, औद्योगिक विस्तार एवं रोजगार सृजन की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम में कुल ₹591 करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिससे जिले में नए औद्योगिक उपक्रमों, रोजगार के अवसरों एवं आर्थिक विकास को गति मिलने की संभावना है।

निर्यात संवर्धन विषयक सत्रों में ईएक्सआईएम बैंक, एफआईईओ, जेम पोर्टल, स्पाइस बोर्ड, इंडिया पोस्ट तथा एचडीएफसी बैंक के विशेषज्ञों द्वारा निर्यात वित्त, वैश्विक बाजार तक पहुंच, गुणवत्ता प्रमाणन, लॉजिस्टिक्स, सरकारी खरीदारों से जुड़ाव एवं एमएसएमई निर्यात सहायता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य फोकस जिले में अधिक रोजगार सृजन, निवेश आकर्षण एवं निर्यात विस्तार पर रहा, जिससे स्थानीय उत्पादकों, एमएसएमई इकाइयों, ओडीओपी उत्पाद समूहों तथा उद्यमियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने की दिशा में ठोस पहल सुनिश्चित की जा सके। यह आयोजन जिले को औद्योगिक, निवेश एवं निर्यात के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User