कांवड़ यात्रा 2026: आगरा में 2 अगस्त से ट्रैफिक डायवर्जन लागू, यमुना एक्सप्रेसवे और NH-19 से भारी वाहनों पर रोक

Friday, July 31, 2026 - 14:02
0
कांवड़ यात्रा 2026: आगरा में 2 अगस्त से ट्रैफिक डायवर्जन लागू, यमुना एक्सप्रेसवे और NH-19 से भारी वाहनों पर रोक

आगरा। सावन के प्रथम सोमवार, कांवड़ यात्रा और प्रमुख शिव मंदिरों में जलाभिषेक को देखते हुए आगरा पुलिस ने व्यापक यातायात डायवर्जन योजना लागू की है। यह व्यवस्था रविवार 2 अगस्त शाम 4 बजे से शुरू होकर 3 अगस्त को मेला समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी, जबकि मेडिकल और फायर सर्विस जैसे आपातकालीन वाहनों को छूट दी जाएगी।

पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त की रात 11 बजे के बाद भी नो-एंट्री नहीं खोली जाएगी और पहले से जारी सभी नो-एंट्री पास तथा अनुमति पत्र इस अवधि के लिए निरस्त रहेंगे। यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए विभिन्न मार्गों पर वैकल्पिक रूट निर्धारित किए गए हैं।

हाथरस से आगरा आने वाले भारी वाहनों को हाथरस और सादाबाद से सिकंदराराऊ या मथुरा की ओर भेजा जाएगा। फिरोजाबाद से जयपुर जाने वाले वाहन रुनकता से दक्षिणी बाईपास के रास्ते गुजरेंगे। अलीगढ़ और जलेसर की ओर से आने वाले वाहन खंदौली, मुड़ी चौराहा और एत्मादपुर होते हुए एनएच-19 मार्ग का उपयोग करेंगे। भरतपुर और फतेहपुर सीकरी की ओर से आने वाले भारी वाहनों को महुअर से दक्षिणी बाईपास की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

यमुना एक्सप्रेसवे से आने वाले भारी वाहन खंदौली की बजाय कुबेरपुर मार्ग से भेजे जाएंगे। ग्वालियर और जयपुर से अलीगढ़ जाने वाले वाहन दक्षिणी बाईपास और यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते संचालित होंगे। फतेहाबाद रोड और शमशाबाद की ओर से आने वाले भारी वाहनों को रिंग रोड, गुतिला अंडरपास और इनर रिंग रोड से होकर गुजरना होगा।

एनएच-19 से शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। सभी प्रमुख प्रवेश मार्गों पर बैरियर लगाकर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर मोड़ा जाएगा। वहीं, रामबाग से यमुना किनारा मार्ग, आगरा किला, तारघर, क्लब चौराहा और मधूनगर से रोहता नहर तक कांवड़ मार्ग पर भारी वाहनों का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा।

प्रमुख शिव मंदिरों के आसपास भी विशेष यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे। सदर स्थित राजराजेश्वर महादेव मंदिर के लिए राजपुर चुंगी से कहरई मोड़ तक सभी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। शमशाबाद रोड पर भी भारी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। रावली महादेव मंदिर क्षेत्र में साई की तकिया, छीपीटोला और टंकी चौराहा से बड़े वाहनों का प्रवेश नहीं होगा। मनकामेश्वर महादेव मंदिर के आसपास चिम्मनपुरी, दरेसी और हाथीघाट तिराहे से भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। वहीं, पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर की ओर पृथ्वीनाथ फाटक से भारी वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें। किसी भी प्रकार की यातायात संबंधी सहायता या जानकारी के लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम हेल्पलाइन 9554457886 पर संपर्क किया जा सकता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User