ओडिशा: नवीन पटनायक ने मंत्रिमंडल में शामिल किए तीन और मंत्री

ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने सोमवार को यहां अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया। बीजू जनता दल (बीजद) के वरिष्ठ नेता बिक्रम केशरी अरुखा, शारदा प्रसाद नायक और सुदाम मरांडी ने केबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ली।

Monday, May 22, 2023 - 15:00
0
ओडिशा: नवीन पटनायक ने मंत्रिमंडल में शामिल किए तीन और मंत्री

भुवनेश्वर, 22 मई 2023, (आरएनआई)। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने सोमवार को यहां अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया। बीजू जनता दल (बीजद) के वरिष्ठ नेता बिक्रम केशरी अरुखा, शारदा प्रसाद नायक और सुदाम मरांडी ने केबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ ली।

राज्यपाल गणेशी लाल ने मुख्यमंत्री नवीन पटनायक की उपस्थिति में यहां लोक सेवा भवन स्थित कन्वेन्शन सेंटर में आयोजित एक समारोह में भंजनगर के विधायक एवं पिछले हफ्ते विधानसभा अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने वाले बिक्रम केशरी अरुखा, राउरकेला के विधायक शारदा प्रसाद नायक और बांगिरिपोसी के विधायक सुदाम मरांडी को मंत्री पद की शपथ दिलाई।

ये तीनों ही पहले भी मंत्री के तौर पर सेवाएं दे चुके हैं। इन्हें दोबारा मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। मंत्रिमडल में ओडिशा के विभिन्न क्षेत्रों के बेहतर प्रतिनिधित्व के लिए संभवतः इन्हें फिर से मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। अगले साल लोकसभा के साथ ही राज्य विधानसभा के भी चुनाव होने हैं। माना जा रहा है कि चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से मुकाबले में इन नेताओं का स्थानीय प्रभाव बीजद के काम आ सकता है।

अरुखा को वित्त, मरांडी को स्कूल और जन शिक्षा मंत्रालय तथा नायक को श्रम और कर्मचारियों के राज्य बीमा विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

स्कूल एवं जन शिक्षा मंत्री समीर रंजन दास और श्रम मंत्री श्रीकांत साहू ने 12 मई को अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री नबा किशोर दास की जनवरी में हत्या कर दी गई थी। इन वजहों से तीन पद रिक्त हो गए थे।

अरुखा और मरांडी को पिछले साल जून में हुए फेरबदल के दौरान मंत्रिपरिषद से बाहर कर दिया गया था। नायक भी इससे पहले (2009 से 2012 के बीच) पटनायक मंत्रिमंडल में राज्य मंत्री के रूप में सेवाएं दे चुके हैं।

हालांकि अरुखा को बाद में विधानसभा अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। वहीं मरांडी ने मयूरभंज जिले की बांगिरिपोसी विधानसभा सीट से विधायक के रूप में और नायक ने सुंदरगढ़ जिले में राउरकेला के विधायक के रूप में काम करना जारी रखा।

इन तीन नए मंत्रियों के शामिल होने के साथ मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सहित 22 सदस्य हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User