हरदोई में बखारी साफ करते समय दम घुटने से दो की मौत
हरदोई (आरएनआई) जनपद हरदोई के थाना बिलग्राम क्षेत्र के ग्राम जलालपुर में उस समय हड़कंप मच गया, जब गेहूं रखने वाली बखारी (टैंक) की सफाई के दौरान दम घुटने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना ने पूरे गांव को गहरे शोक में डुबो दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम जलालपुर निवासी कैलाश पुत्र देवी सहाय (45) बखारी की सफाई करने के लिए उसके अंदर उतरे थे। बखारी संकरी और बंद होने के कारण अंदर ऑक्सीजन की कमी हो गई, जिससे उनका दम घुटने लगा। कैलाश को तड़पता देख सुरेंद्र पुत्र सीताराम (65) उन्हें बचाने के लिए अंदर घुस गए, लेकिन वह भी दम घुटने का शिकार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस संबंध में एएसपी पूर्वी सुबोध कुमार गौतम ने बताया कि पीआरबी के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि दो लोग गड्ढे में गिर गए हैं। मौके पर पहुंचकर जांच की गई तो पाया गया कि बखारी की सफाई के दौरान दम घुटने से यह हादसा हुआ। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।
इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर यह चेतावनी दी है कि बंद और संकरे स्थानों में बिना सुरक्षा उपायों के उतरना जानलेवा साबित हो सकता है। गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)