सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम-एसपी के निर्देश: योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने पर जोर
हरदोई (आरएनआई) तहसील सदर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए अनुनय झा, जिलाधिकारी ने जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ गरीबी रेखा के सबसे निचले पायदान के पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाया जाए तथा प्रत्येक गरीब व पीड़ित व्यक्ति को निष्पक्ष न्याय दिलाया जाए। उन्होंने अवैध भूमि कब्जों की शिकायतों पर राजस्व विभाग के कर्मचारियों को निर्देश दिया कि गांवों में अवैध कब्जा की गयी सभी सरकारी एवं गरीबों की भूमि को पुलिस बल के सहयोग से कब्जा मुक्त कराया जाए और कब्जा करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही अधिकारियों को नियमित गांवों का भ्रमण कर छोटे-छोटे विवादों का निस्तारण ग्राम प्रधान, सचिव एवं गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में आपसी सुलह-समझौते से कराने के निर्देश दिये।
इस अवसर पर अशोक कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि थाने पर आने वाले गरीब एवं असहाय लोगों की शिकायतों को गंभीरता से लें और अपराधियों पर कठोर कार्रवाई करें। उन्होंने शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए नियमित गश्त करने, क्षेत्र के अपराधी एवं अराजक तत्वों की गतिविधियों की जानकारी बीट सिपाहियों एवं चौकीदारों से लेते रहने तथा सरकारी व गरीबों की अवैध भूमि कब्जा मुक्त कराने में राजस्व विभाग की टीम का सहयोग करने को कहा।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्रदेश सरकार के नव निर्माण के 9 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर अग्नि पीड़ित तोताराम, राजकुमार, दिन्ने, सोनी व दरिया को दैवीय आपदा योजना के तहत 10,500-10,500 रुपये की सहायता प्रदान की गयी। वहीं मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत सीमा देवी व मिथलेश कुमारी को पांच-पांच लाख रुपये के डेमो चेक प्रदान किये गये।
इस अवसर पर सिटी मजिस्ट्रेट, डीएफओ, सीएमओ डा. भावनाथ पाण्डे, उपजिलाधिकारी सदर सुशील कुमार मिश्रा, पीडी अशोक कुमार मौर्य, जिला विकास अधिकारी, डीडी कृषि, सीओ सिटी सहित जिला स्तरीय अधिकारी, बीडीओ, सीडीपीओ व थानाध्यक्ष उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)