वृंदावन के राजकीय बालिका संरक्षण गृह से पांच किशोरियां लापता, दो सकुशल घर पहुंचीं, तीन की तलाश तेज
मथुरा (आरएनआई) मथुरा के वृंदावन स्थित राजकीय बालिका संरक्षण गृह से पांच किशोरियों के लापता होने की घटना ने प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें सक्रिय हो गईं। राहत की बात यह है कि इनमें से दो किशोरियां सकुशल अपने घर पहुंच गई हैं, जबकि शेष तीन की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, चैतन्य विहार कॉलोनी स्थित इस संरक्षण गृह से सोमवार देर रात पांच किशोरियां अचानक गायब पाई गईं। संरक्षण गृह प्रशासन को जब उनकी अनुपस्थिति का पता चला तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। अधीक्षिका गायत्री मिश्रा ने बताया कि नियमित गिनती के दौरान लड़कियों के न मिलने पर सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिनमें वे कंबल ओढ़कर परिसर से बाहर निकलती दिखाई दीं।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। संरक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और गार्ड तैनाती के बावजूद किशोरियों का इस तरह निकल जाना कई सवाल खड़े कर रहा है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दो किशोरियां अपने परिजनों के पास पहुंच चुकी हैं और उनसे पूछताछ कर बाकी तीन के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल लापता किशोरियों की सुरक्षित बरामदगी पुलिस की प्राथमिकता बनी हुई है। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संरक्षण गृह की आंतरिक व्यवस्थाओं की भी जांच शुरू कर दी है, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



