दिल्ली-NCR में मौसम का मिज़ाज़ बदलाः बारिश से ठिठुरन बढ़ी, IMD ने यलो अलर्ट जारी किया, तेज हवाओं और ओले गिरने की संभावना
नई दिल्ली (आरएनआई) — दिल्ली-NCR में मंगलवार को मौसम ने एक बार फिर करवट ली। सुबह के कोहरे और धुंध के बाद तेज हवाओं के साथ बारिश का सिलसिला शुरू हो गया, जिससे कड़ाके की ठंड और ठिठुरन बढ़ गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 27 जनवरी के लिए यलो अलर्ट जारी किया है और राजधानी के साथ हरियाणा और पश्चिम उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में तेज़ आंधी, गरज-चमक, ओलावृष्टि और मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है।
IMD के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम पूरी तरह अस्थिर है। दिल्ली-NCR के कुछ इलाकों में तेज हवाओं की गति 40-60 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है और बिजली गिरने जैसी स्थितियों का खतरा भी बना हुआ है। राजधानी के नरेला, बवाना, अलीपुर, रोहिणी, मुंडका और आसपास के क्षेत्रों में ओलावृष्टि के साथ गरज-चमक और तेज बारिश की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा हरियाणा के सफीदों, बरवाला, महम, खरखौदा और फरुखनगर में भी इसी तरह की खराब मौसम स्थितियों का अनुमान है।
बारिश के चलते दिन भर तापमान में उतार-चढ़ाव है और सुबह के समय दृश्यता अत्यधिक कम रहीं, जिससे सड़कों पर यातायात बाधित रहा। नोएडा के कई हिस्सों में भारी वर्षा के कारण ट्रैफिक जाम भी देखने को मिला।
वहीं, मौसम के इस बदलाव के बावजूद दिल्ली की वायु गुणवत्ता एक बार फिर चिंताजनक स्तर पर पहुंच गई है। एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज हुआ, जिसमें कई इलाकों में प्रदूषण के उच्च स्तर देखे गए हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के ताज़ा आंकड़ों के अनुसार अलीपुर और आनंद विहार में 360 से अधिक, चांदनी चौक में 319 और रोहिणी में 359 AQI दर्ज किया गया है, जो वायु प्रदूषण के गंभीर असर को दर्शाता है।
मौसम विभाग ने लोगों से सलाह दी है कि वे अस्थिर मौसम और तूफ़ानी हवाओं के मद्देनज़र सावधान रहें, बाहरी गतिविधियों के लिए विशेष तैयारी रखें और बारिश व ओलों के समय वाहन चलाते समय अतिरिक्त सतर्कता बरतें।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



