थाने के भीतर खून की वारदात: पति ने पत्नी को मारी गोली, इलाज के दौरान मौत; लापरवाही पर दरोगा व महिला कांस्टेबल सस्पेंड

Jan 12, 2026 - 19:42
Jan 12, 2026 - 19:43
 0  756

हरदोई.(आरएनआई) जनपद हरदोई के थाना पाली परिसर में कानून-व्यवस्था को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। थाने के अंदर ही पति ने पत्नी को गोली मार दी, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस गंभीर लापरवाही के मामले में पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने कड़ा रुख अपनाते हुए जांच में लापरवाही बरतने पर महिला कांस्टेबल संजना राजपूत और विवेचक दरोगा विक्रांत चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पूरे घटनाक्रम की जांच एडिशनल एसपी पश्चिमी मार्तण्ड प्रकाश को सौंपी गई है। एसपी ने स्पष्ट कहा है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

पूरा घटनाक्रम इस प्रकार है—

थाना पाली क्षेत्र के ग्राम रामापुर अटरिया निवासी अनूप पुत्र रामलाल ने 8 जनवरी को थाना पाली में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी पत्नी सोनी किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ चली गई है। इस पर पाली पुलिस ने मुकदमा संख्या 07/26 धारा 87 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कल महिला सोनी को बरामद कर लिया था। आज उसे मेडिकल परीक्षण व अन्य विधिक कार्यवाही के लिए ले जाने की तैयारी की जा रही थी।

इसी दौरान आज सुबह थाना परिसर में ही महिला सोनी के पति अनूप ने तमंचे से उसकी पीठ पर गोली मार दी। गोली चलने से थाने में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी अनूप को अवैध तमंचे सहित गिरफ्तार कर लिया।

इलाज के दौरान तोड़ा दम

गोली लगने से गंभीर रूप से घायल महिला सोनी को आनन-फानन में शाहाबाद अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।

एसपी पहुंचे मौके पर, सख्त कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा थाना पाली पहुंचे और मौके का मुआयना कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रारंभिक जांच में लापरवाही सामने आने पर विवेचक दरोगा विक्रांत चौधरी और महिला कांस्टेबल संजना राजपूत को निलंबित कर दिया गया।

कानून-व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

थाने के भीतर दिनदहाड़े गोली चलने की यह घटना उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। जब एक महिला थाना परिसर के अंदर भी सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता की सुरक्षा की स्थिति क्या होगी—यह सवाल अब पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Laxmi Kant Pathak Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)