तेहरान पर हमलों की नई लहर जारी; इस्राइली F-35 ने मार गिराया ईरानी लड़ाकू विमान
पश्चिम एशिया (आरएनआई)। पश्चिम एशिया में संघर्ष और तेज हो गया है। इज़राइल और ईरान के बीच जारी सैन्य टकराव पांचवें दिन भी थमता नजर नहीं आ रहा। लगातार हवाई हमलों और जवाबी कार्रवाइयों के बीच क्षेत्र में तनाव चरम पर है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि सैन्य अभियान कई हफ्तों तक चल सकता है। हालात बिगड़ते देख अमेरिकी प्रशासन ने पश्चिम एशिया छोड़ना चाहने वाले अपने नागरिकों के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं।
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, सऊदी अरब की सरकारी तेल कंपनी सऊदी अरामको की सबसे बड़ी घरेलू रिफाइनरी रास तानूरा पर बुधवार को एक अज्ञात मिसाइल से हमला किया गया। इससे पहले सोमवार को ड्रोन हमले की आशंका के चलते परिसर को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था। हमले में हुए नुकसान की पूरी जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
ईरानी समाचार एजेंसी तस्नीम के मुताबिक, इस्राइली हमलों में मध्य ईरान के इस्फहान प्रांत में पांच लोगों की मौत हो गई। नजफाबाद, फेरेदान, मोबाराकेह, अरन वा बिडगोल, काशान और शाहरेजा में हुए हमलों में कई घरों को नुकसान पहुंचा है। वहीं सुरक्षा सूत्रों के हवाले से खबर है कि इराक के कुर्दिस्तान क्षेत्र में एक ईरानी कुर्द विपक्षी समूह के मुख्यालय पर ड्रोन हमला किया गया, हालांकि हताहतों की पुष्टि नहीं हो सकी है।
इस्राइली सेना का दावा है कि उसके F-35 लड़ाकू विमान ने तेहरान के ऊपर एक ईरानी लड़ाकू विमान को मार गिराया। इसके साथ ही सेना ने राजधानी तेहरान में सरकारी ढांचों को निशाना बनाकर “हमलों की एक बड़ी लहर” शुरू करने की घोषणा की है। यह बयान पूर्वी तेहरान में जोरदार विस्फोट की खबरों के तुरंत बाद आया।
ईरान के विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि जटिल परमाणु वार्ताओं को रियल एस्टेट सौदे की तरह लेने और झूठे दावों के कारण कूटनीति को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका ने बातचीत की मेज पर ही बमबारी कर दी और यह कदम अमेरिकी मतदाताओं के साथ भी विश्वासघात है।
इस बीच, चीन ने भी अपने नागरिकों की निकासी शुरू कर दी है। चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने बताया कि 470 से अधिक चीनी नागरिकों को ईरान से बाहर निकाला जा चुका है। उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा और वैश्विक व्यापार के लिए उसकी अहमियत पर जोर दिया।
उधर, इज़राइल ने 4 और 5 मार्च की रात के बीच अपना हवाई क्षेत्र आंशिक रूप से खोलने की घोषणा की है। बेन गुरियन हवाई अड्डे से सीमित उड़ानें शुरू कर खाड़ी क्षेत्र में फंसे इस्राइली नागरिकों को निकालने की योजना बनाई गई है। इज़राइल की परिवहन मंत्री मिरी रेगेव ने कहा कि सुरक्षा निर्देशों का पालन करते हुए नागरिकों को सुरक्षित वापस लाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
तेहरान पर हमलों की नई लहर और क्षेत्रीय शक्तियों की सक्रियता ने पश्चिम एशिया को एक बार फिर व्यापक संघर्ष के मुहाने पर ला खड़ा किया है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)