आईआरजीसी का दावा: 650 अमेरिकी सैनिक हताहत, यूएसएस अब्राहम लिंकन को पीछे हटना पड़ा

Tuesday, March 3, 2026 - 19:46
0
आईआरजीसी का दावा: 650 अमेरिकी सैनिक हताहत, यूएसएस अब्राहम लिंकन को पीछे हटना पड़ा

नई दिल्ली (आरएनआई)। पश्चिम एशिया में जारी सैन्य तनाव चौथे दिन भी तेज बना हुआ है। ईरान पर अमेरिका और इस्राइल की संयुक्त सैन्य कार्रवाई के बीच क्षेत्र में युद्ध जैसे हालात बने हुए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने संकेत दिया है कि अभियान कई सप्ताह तक जारी रह सकता है।

इस बीच ईरान ने बड़ा फैसला लेते हुए सभी खाद्य और कृषि उत्पादों के निर्यात पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तस्नीम समाचार एजेंसी के अनुसार सरकार ने घरेलू जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया है। अगले आदेश तक खाद्य और कृषि उत्पादों का निर्यात प्रतिबंधित रहेगा।

उधर इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने दावा किया है कि उसके ‘ट्रू प्रॉमिस 4’ अभियान के पहले दो दिनों में 650 से अधिक अमेरिकी सैनिक मारे गए या घायल हुए हैं। आईआरजीसी के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल अली मोहम्मद नइनी के अनुसार, ईरानी मिसाइल और ड्रोन हमलों में खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य ठिकानों और नौसैनिक संपत्तियों को निशाना बनाया गया।

• बहरीन में अमेरिकी नौसेना के फिफ्थ फ्लीट मुख्यालय पर कई हमलों का दावा।

• एक हमले में 160 अमेरिकी सैनिकों के हताहत होने की बात कही गई।

• अमेरिकी नौसेना के एक कॉम्बैट सपोर्ट जहाज को भारी नुकसान पहुंचने का दावा।

आईआरजीसी ने यह भी कहा कि ईरानी नौसेना ने चाबहार तट से 250–300 किलोमीटर दूर तैनात अमेरिकी विमानवाहक पोत यूएसएस अब्राहम लिंकन पर चार क्रूज मिसाइल दागीं, जिसके बाद पोत को पीछे हटना पड़ा।

हालांकि, अमेरिकी पक्ष की ओर से इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की गई है। क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें घटनाक्रम पर टिकी हुई हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User