PM दौरे से पहले CM योगी का निरीक्षण, तैयारियों का लिया जायजा
हरदोई(आरएनआई)हरदोई में 29 अप्रैल को प्रस्तावित प्रधानमंत्री Narendra Modi के आगमन के दृष्टिगत मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने बिलग्राम तहसील के मल्लावां कट स्थित गंगा एक्सप्रेस-वे लोकार्पण कार्यक्रम स्थल का व्यापक स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने हेलीपैड, सभा स्थल, वीआईपी मार्ग, पार्किंग, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन सहित प्रत्येक बिंदु का सूक्ष्म परीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम को पूर्णतः सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न कराया जाए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता पर रहे। किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी। इसके लिए पुलिस एवं प्रशासन के बीच सुदृढ़ समन्वय स्थापित कर बहुस्तरीय सुरक्षा प्रणाली लागू करने के निर्देश दिए गए।

सभा स्थल का निरीक्षण करते हुए उन्होंने बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, पंडाल की गुणवत्ता, पेयजल की उपलब्धता, स्वच्छता, शौचालयों की समुचित व्यवस्था तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को सुविधा और सहजता का अनुभव होना चाहिए, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं मानकानुसार संचालित हों।
यातायात प्रबंधन की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि कार्यक्रम के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए वैकल्पिक मार्गों का निर्धारण, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, ट्रैफिक डायवर्जन योजना तथा स्पष्ट संकेतक (साइन बोर्ड) लगाए जाएं, ताकि आवागमन सुचारु बना रहे।
हेलीपैड एवं वीआईपी मूवमेंट से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए उन्होंने सभी प्रोटोकॉल का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने हेतु एम्बुलेंस, अग्निशमन दल एवं चिकित्सा टीमों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं तथा प्रत्येक व्यवस्था की निरंतर समीक्षा होती रहे। जहां कहीं भी कमी दिखाई दे, उसे तत्काल दूर किया जाए।

इस अवसर पर मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी द्वारा मानचित्र के माध्यम से कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा प्रस्तुत की गई और सभी तैयारियों को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने का आश्वासन दिया गया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में हरित वातावरण को प्रोत्साहित करने हेतु ‘हरि शंकरी’ प्रजाति के वृक्षों के रोपण के निर्देश भी दिए, जिससे पर्यावरणीय संतुलन सुदृढ़ हो सके।
अंततः मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन जनपद के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण अवसर है। अतः सभी अधिकारी पूर्ण जिम्मेदारी, समन्वय और समर्पण के साथ कार्य करते हुए इस कार्यक्रम को सफल, सुव्यवस्थित और स्मरणीय बनाएं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)