हरदोई: मनमानी पर एसपी का बड़ा एक्शन, दरोगा समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित
हरदोई। पुलिस अधीक्षक ने अनुशासनहीनता और मनमानी के आरोप में थाना कोतवाली देहात में तैनात एक उपनिरीक्षक समेत तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। तीनों पर बिना उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाए लकड़ी से लदी एक पिकअप गाड़ी को रोकने तथा वाहन चालक के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप है। पूरे प्रकरण की विभागीय जांच भी बैठा दी गई है।
जानकारी के अनुसार, थाना कोतवाली देहात में तैनात उपनिरीक्षक अरविंद सिंह, आरक्षी रामकिशन और आरक्षी मोनू सिंह ने कथित रूप से बिना उच्चाधिकारियों को अवगत कराए लकड़ी से लदी एक पिकअप गाड़ी को रोक लिया। आरोप है कि इस दौरान वाहन चालक के साथ अभद्र व्यवहार भी किया गया। मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक तक पहुंचने पर उन्होंने इसे गंभीरता से लिया।
प्रथम दृष्टया आरोप सही प्रतीत होने पर पुलिस अधीक्षक ने तीनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनपद का कोई भी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी अपने कर्तव्यों के निर्वहन में मनमानी या अनुशासनहीनता नहीं करेगा। बिना सक्षम अधिकारी की जानकारी के कोई कार्रवाई करना, अधिकारों का दुरुपयोग करना अथवा आमजन के साथ अभद्र व्यवहार करना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को नियमों तथा उच्चाधिकारियों के निर्देशों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी है कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, शिथिलता या अनुशासनहीनता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर विभागीय एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक की इस कार्रवाई को विभाग में अनुशासन, जवाबदेही और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)