कुलगाम आतंकी हमले के पीड़ित परिवारों को 10-10 लाख रुपये की सहायता, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला का ऐलान
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में हुए आतंकी हमले में मारे गए छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी मजदूरों के परिवारों के लिए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। यह सहायता मुख्यमंत्री राहत कोष से दी जाएगी और जिला प्रशासन द्वारा पहले घोषित 6-6 लाख रुपये की तत्काल राहत राशि के अतिरिक्त होगी।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने बताया कि उमर अब्दुल्ला ने कुलगाम में मजदूरों की नृशंस हत्या की कड़ी निंदा करते हुए निर्दोष लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि सरकार इस कठिन समय में उनके साथ मजबूती से खड़ी है।
अधिकारियों के अनुसार, दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के केलम क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक ईंट भट्ठे पर आतंकियों ने हमला किया था। इस हमले में छत्तीसगढ़ निवासी करीब 20 वर्षीय दीपक रात्रे और बोपिंदर को निशाना बनाया गया।
हमले के बाद दीपक रात्रे ने अस्पताल ले जाने से पहले ही दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल बोपिंदर को पहले जीएमसी अनंतनाग ले जाया गया और बाद में बेहतर उपचार के लिए श्रीनगर स्थित एसकेआईएमएस सौरा रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान तेज कर दिया है। हमले में शामिल आतंकियों की तलाश जारी है और मामले की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)