महिला कांग्रेस की बैठक में संगठन विस्तार और महिला नेतृत्व को मजबूत बनाने पर हुई चर्चा
गुना (आरएनआई) राजीव भवन स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में महिला कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सीमा यादव के नेतृत्व में किया गया, जिसमें महिला संगठन को सशक्त बनाने, आगामी जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष के चयन तथा संगठन विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में पूर्व मंत्री एवं राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं बमौरी विधायक ऋषि अग्रवाल, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष मेहरवान धाकड़, वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरि विजयवर्गीय, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीमा यादव सहित महिला कांग्रेस की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री एवं विधायक जयवर्धन सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी और नेतृत्व को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जिले के प्रत्येक ब्लॉक में सक्रिय महिला पदाधिकारियों और सामाजिक क्षेत्र में कार्य कर रही महिलाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। आगामी पंचायत, नगरीय निकाय एवं अन्य चुनावों में महिलाओं को अधिक अवसर प्रदान किए जाएंगे ताकि वे नेतृत्व की भूमिका में अपनी प्रभावी भागीदारी निभा सकें।
उन्होंने कहा कि 33 प्रतिशत महिला आरक्षण केवल एक संवैधानिक व्यवस्था नहीं, बल्कि महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में भागीदार बनाने का सशक्त माध्यम है। कांग्रेस पार्टी ऐसे महिला नेतृत्व को आगे लाना चाहती है जो समाज के बीच सक्रिय होकर जनहित के मुद्दों पर कार्य कर रहा हो।
इस अवसर पर जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सीमा यादव ने कहा कि महिला कांग्रेस संगठन को गांव-गांव और वार्ड-वार्ड तक मजबूत बनाने के लिए सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर कार्य करें। उन्होंने महिलाओं से संगठनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और समाज के कमजोर वर्गों की आवाज बनने का आह्वान किया।
बैठक में आगामी जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष के गठन को लेकर भी सुझाव आमंत्रित किए गए। उपस्थित महिला पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती, सदस्यता विस्तार और महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने के संबंध में अपने विचार रखे।
बैठक के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों, सदस्यता अभियान एवं चुनावी तैयारियों को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। सभी नेताओं ने महिला कांग्रेस को कांग्रेस संगठन की मजबूत शक्ति बताते हुए महिलाओं की सक्रिय भागीदारी को समय की आवश्यकता बताया।
कार्यक्रम का संचालन एवं आभार महिला कांग्रेस पदाधिकारियों द्वारा व्यक्त किया गया। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें महिला संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने का संकल्प लिया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



