बिहार चुनाव से पहले राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस आज, ‘हाइड्रोजन बम’ बयान को लेकर अटकलें तेज
नई दिल्ली (आरएनआई)। बिहार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज दोपहर 12 बजे नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इस बीच राजनीतिक गलियारों में यह अटकलें जोरों पर हैं कि राहुल गांधी अपने कथित ‘वोट चोरी’ और मतदाता सूची में अनियमितताओं के आरोपों को लेकर कोई बड़ा खुलासा कर सकते हैं — जिसे उन्होंने पहले ‘हाइड्रोजन बम’ बताया था।
कांग्रेस की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस के एजेंडे की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन पार्टी सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी इस मुद्दे पर अपने पहले के आरोपों को विस्तार से रख सकते हैं।
इससे पहले राहुल गांधी ने 1 सितंबर को भाजपा को चेतावनी देते हुए कहा था कि वह जल्द ही ‘वोट चोरी’ से जुड़ा हाइड्रोजन बम फोड़ेंगे, जबकि महादेवपुरा खुलासे को उन्होंने केवल ‘एटम बम’ करार दिया था।
‘वोटर अधिकार यात्रा’ के अंतिम दिन उन्होंने एक सभा में भाजपा पर तीखा हमला बोला था। राहुल गांधी ने कहा था कि “जिन ताकतों ने महात्मा गांधी की हत्या की, वही अब भारत के संविधान को नष्ट करने की कोशिश कर रही हैं।”
बिहार चुनाव से पहले राहुल गांधी की इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर कांग्रेस खेमे में उत्सुकता है, जबकि भाजपा ने इसे “राजनीतिक ड्रामा” करार दिया है। अब सबकी नजरें दोपहर 12 बजे होने वाले इस संभावित ‘खुलासे’ पर टिकी हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



