हरदोई पुलिस की बड़ी सफलता, छह बाइक चोरी की घटनाओं का खुलासा

Jun 7, 2026 - 16:04
Jun 7, 2026 - 16:09
 0  135
हरदोई पुलिस की बड़ी सफलता, छह बाइक चोरी की घटनाओं का खुलासा

हरदोई (आरएनआई)। जनपद में वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पचदेवरा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद चार शातिर बाइक चोरों को गिरफ्तार कर छह मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का खुलासा किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें, एक खुली हुई मोटरसाइकिल, अवैध तमंचा, कारतूस तथा मोटरसाइकिल खोलने के उपकरण बरामद किए गए हैं। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस के अनुसार 31 मई 2026 को मोहल्ला नई बस्ती, थाना शाहाबाद निवासी मोहम्मद सुलेमान पुत्र शाह आलम की मोटरसाइकिल संख्या UP-30 AV-7397 उनके घर के बाहर से चोरी हो गई थी। पीड़ित की तहरीर पर थाना शाहाबाद में मुकदमा अपराध संख्या 367/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर घटना के अनावरण के लिए थाना पचदेवरा पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम को लगाया गया।

6 जून की रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ चादपुर मोड़ के पास मौजूद हैं। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर बदमाश भागने लगे और खुद को घिरा पाकर पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान नूर मोहम्मद उर्फ नन्हे पुत्र बिस्मिल्लाह निवासी कटिघरा थाना हरियावां जनपद हरदोई (वर्तमान पता शांतिपुरम कॉलोनी थाना सदर बाजार शाहजहांपुर), राजपाल पुत्र रामऔतार निवासी बाबूनगर थाना जलालाबाद, वीरेंद्र पुत्र रामपाल निवासी रौनी थाना जलालाबाद तथा विशाल पुत्र लालबहादुर निवासी रौरा थाना जलालाबाद जनपद शाहजहांपुर के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपियों ने शाहजहांपुर और हरदोई जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी की कई घटनाओं को स्वीकार किया। आरोपियों ने 27 जनवरी 2026 को थाना सदर बाजार क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी, 3 फरवरी को थाना जलालाबाद क्षेत्र से बाइक चोरी, 9 अप्रैल को थाना मिर्जापुर क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी, 29 अप्रैल को थाना सदर बाजार क्षेत्र से स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी, 10 मई को थाना सदर बाजार क्षेत्र से एचएफ डीलक्स बाइक चोरी तथा 11 मई को थाना शाहाबाद क्षेत्र की नवीन गल्ला मंडी से एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने इन घटनाओं से संबंधित दर्ज मुकदमों का भी सत्यापन किया है।

पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से दो चोरी की मोटरसाइकिलें, एक खुली हुई मोटरसाइकिल संख्या UP-30 AV-7397, मोटरसाइकिल खोलने के उपकरण, एक अवैध तमंचा .315 बोर, तीन जिंदा कारतूस तथा दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं।

जांच में मुख्य आरोपी नूर मोहम्मद उर्फ नन्हे का लंबा आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध शाहजहांपुर और आसपास के थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट एवं अन्य गंभीर अपराधों के कई मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों का भी आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। पुलिस का मानना है कि यह गिरोह लंबे समय से वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था और चोरी की मोटरसाइकिलों को खोलकर उनके पुर्जे बेचने अथवा दूसरे जनपदों में खपाने का काम करता था।

पुलिस ने चारों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं घायल आरोपी का उपचार पुलिस अभिरक्षा में कराया जा रहा है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

इस सफल कार्रवाई में थाना पचदेवरा पुलिस, एसओजी तथा सर्विलांस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Laxmi Kant Pathak Senior Journalist | State Secretary, U.P. Working Journalists Union (Regd.)