पुलिस भर्ती परीक्षा की शुचिता पर विशेष नजर, एसपी ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
हरदोई (आरएनआई) उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा 2026 को सकुशल, नकलविहीन, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हरदोई ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की चेकिंग व्यवस्था, प्रवेश प्रक्रिया, सुरक्षा प्रबंधों तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा नकल अथवा अन्य अनियमितताओं को रोकने के लिए पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी का निर्वहन किया जाए।
एसपी ने कहा कि भर्ती परीक्षा युवाओं के भविष्य से जुड़ी महत्वपूर्ण प्रक्रिया है और इसे पारदर्शी तथा निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराना पुलिस एवं प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगने देने, संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखने तथा यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। वरिष्ठ अधिकारी लगातार भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही और अभ्यर्थियों को शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा देने का अवसर मिला।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



