देर रात घर लौटी बेटी की पीट-पीटकर हत्या, सांप काटने की कहानी गढ़कर किया अंतिम संस्कार
हरदोई, संडीला। थाना क्षेत्र के समदखेड़ा गांव में 19 वर्षीय युवती शुभी की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने युवती की हत्या के बाद घटना को सांप काटने और आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया तथा पुलिस को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
पुलिस के अनुसार, शुभी तीन जून की रात घर से बिना बताए चली गई थी और चार जून की सुबह करीब चार बजे वापस घर लौटी। देर रात घर लौटने से नाराज उसके पिता रामदयाल ने अपने भाइयों मुनेश और सुरेश तथा मुनेश की पत्नी माधुरी के साथ मिलकर उसकी पिटाई कर दी। आरोप है कि मारपीट के दौरान शुभी की मौत हो गई।
मामले को दबाने और सच्चाई छिपाने के लिए आरोपियों ने साजिश रची। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका के शरीर पर सिलाई की सुई से सांप के काटने जैसे निशान बनाए गए। वहीं गले पर फांसी जैसा निशान बनाकर घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया, ताकि किसी को हत्या का संदेह न हो।
इसके बाद आरोपियों ने बिना पुलिस को सूचना दिए गांव के एक बाग में शव का अंतिम संस्कार कर दिया। घटना का खुलासा तब हुआ जब मृतका की मां मिथिलेशा ने पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
मिथिलेशा की तहरीर पर पुलिस ने हत्या और साक्ष्य मिटाने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना और साक्ष्य संकलन के आधार पर पुलिस ने रामदयाल, मुनेश, सुरेश और माधुरी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। बेटी की हत्या के बाद उसे प्राकृतिक मौत और आत्महत्या का रूप देने की कोशिश का खुलासा होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



