कानपुर की मेयर प्रमिला पांडे का गुस्सा फूटा, मेट्रो अधिकारी को कीचड़ में धकेला; वीडियो वायरल
कानपुर (आरएनआई) – कानपुर की मेयर प्रमिला पांडे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मेयर जलभराव की समस्या का निरीक्षण करते हुए मेट्रो निर्माण में लापरवाही देखकर गुस्से में मेट्रो अधिकारी को कीचड़ में धकेलती हुई नजर आ रही हैं।
दरअसल, इस मानसून सीजन में कानपुर में भारी बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में जलभराव और जाम की समस्या देखने को मिली। मंगलवार को मेयर प्रमिला पांडे गोविंद नगर क्षेत्र के चावला मार्केट चौराहे पर जलभराव का निरीक्षण करने पहुंचीं। वहां मेट्रो निर्माण में लापरवाही देखकर उनका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया।
मेयर ने मौके पर ही मेट्रो अधिकारियों और ठेकेदार को बुलाया और सवाल-जवाब किए। जब सफाई से संतुष्ट नहीं हुईं तो उन्होंने गुस्से में एक अधिकारी को पकड़कर कीचड़ में धकेल दिया। इसके बाद भी उनका गुस्सा शांत नहीं हुआ और उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो मेट्रो अधिकारियों पर बड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मेयर प्रमिला पांडे ने कहा, “रावतपुर से मेट्रो बना रहे लोगों ने गोविंद नगर को नर्क बना दिया है।”
यह पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया और वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो पर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। जहां कुछ लोग मेयर की सख्ती की तारीफ कर रहे हैं, वहीं विपक्षी दलों ने उन पर निशाना साधते हुए कहा कि नगर निगम भी शहर को नरक बनाने में जिम्मेदार है और मेट्रो अधिकारियों को राजनीति का शिकार बनाया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



